कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में कॉलेज छात्रा ने गांव के पंच अज्ञात यादव पर छेड़छाड़ और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी का उसके परिवार के घर पहले से आना-जाना था। 10 अगस्त को आरोपी कॉलेज छोड़ने के बहाने उसे बाइक पर ले गया था। उसके साथ उसकी सहेली भी मौजूद थी। कॉलेज पहुंचने के बाद आरोपी ने सहेली को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने छात्रा से कथित तौर पर प्यार का इजहार करते हुए शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। छात्रा की शिकायत पर बालको पुलिस ने FIR दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि FIR के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसकी सहेली ने भी आरोपी के खिलाफ परेशान करने और आपत्तिजनक व्यवहार की शिकायत की है। दोनों का आरोप है कि FIR वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। कार्रवाई की मांग को लेकर दोनों सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि शिकायत की नियमानुसार जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source