हरियाणा के नूंह जिले के तावडू में नगरपालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बुधवार को प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में पटौदी चौक पर कूड़ा डाल दिया, जिससे मुख्य चौक पर गंदगी का ढेर लग गया और राहगीरों व स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। सफाई कर्मचारी नगर पालिका संघ हरियाणा यूनियन के बैनर तले कर्मचारी 16 अगस्त से लंबित मांगों को लेकर धरने पर हैं। यूनियन का आरोप है कि सरकार और संबंधित विभाग उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। यूनियन प्रधान मामचंद लोहरा के अनुसार प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना और ठेका प्रथा खत्म करना शामिल है। कर्मचारियों ने फरीदाबाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों के लिए 50 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई है। इससे पहले मंगलवार को कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय पर ताला लगाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर कर दिया था। यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Source: Source