रायपुर के आमानाका इलाके में कार से कुचलकर युवक की मौत के मामले में फरार आरोपी ने सरेंडर कर दिया है। आरोपी भरत मंगनानी ने 18 अगस्त को अदालत में आत्मसमर्पण किया। पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। 14 अगस्त को टाटीबंध में परमजीत रणगण्ही की कार की चपेट में आने से मौत हुई थी। शिकायत के अनुसार विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर तेज रफ्तार कार परमजीत पर चढ़ा दी थी। बताया गया कि परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। घटना के दिन शिखा अपने दोस्त भरत के साथ कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास परमजीत और भरत के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच और CCTV फुटेज के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। आमानाका पुलिस ने BNS की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Source: Source