नारनौल में महेंद्रगढ़ पुलिस ने जब्त की गई अवैध शराब की बड़ी खेप नष्ट कर दी। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। शराब नांगल चौधरी थाना क्षेत्र में एक्साइज एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त की गई थी। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के दौरान यह शराब बरामद की थी। मुकदमे दर्ज करने के बाद जब्त शराब को मालखाने में सुरक्षित रखा गया था। अदालत से निस्तारण की अनुमति मिलने के बाद शराब नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू हुई। नष्ट की गई खेप में देसी शराब की 273 बोतल और 3,057 पव्वे शामिल थे। इसके अलावा अंग्रेजी शराब की 14 बोतल और 60 पव्वे भी नष्ट किए गए। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में खुले मैदान में पूरी खेप नष्ट की। कार्रवाई की वीडियोग्राफी और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की गई। पुलिस ने कहा कि जब्त सामग्री का समय-समय पर न्यायालय के आदेशानुसार विधिसम्मत निस्तारण किया जाता है। महेंद्रगढ़ पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Source: Source