इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीट विज्ञान परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रोफेसर भी शामिल है। जांच में पेपर लीक का कनेक्शन दुर्ग के एक निजी कॉलेज से सामने आया है। 20 अगस्त को होने वाली परीक्षा से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंच गया था। पेपर वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा स्थगित कर दी थी। इसके बाद तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने रायपुर के अलावा दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में दबिश दी। मोबाइल फोन, WhatsApp चैट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पुलिस को आशंका है कि प्रश्नपत्र पहले दुर्ग के निजी कॉलेज से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे WhatsApp के जरिए छात्रों तक पहुंचाया गया। जांच में कुछ छात्रों के भी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब पेपर लीक के स्रोत और इसे आगे भेजने वालों की भूमिका का पता लगा रही है। मामले में 16 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। कवर्धा के दो छात्रों से भी पुलिस पूछताछ कर चुकी है।

Source: Source