RPF दुर्ग ने पुराने रेलवे मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट तामील अभियान चलाया। अभियान के तहत 19 साल पुराने मामले के आरोपी को सऊदी अरब से भारत बुलाकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी करीब 16 साल से सऊदी अरब में रह रहा था। वर्ष 2007 के मामले में उसके खिलाफ 2012 में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। RPF ने उसके परिवार से संपर्क कर उसे भारत लौटकर कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समझाया। इसके बाद आरोपी भारत लौटा और RPF पोस्ट दुर्ग पहुंचकर सरेंडर किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में पेश किया गया। इसी अभियान के दौरान 11 साल पुराने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में एक अन्य आरोपी को ओडिशा के केंदुझर से गिरफ्तार किया गया। इस आरोपी को भी न्यायालय के सामने पेश किया गया। RPF के अनुसार पिछले एक साल में करीब 30 वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है। अधिकारियों ने कहा कि पुराने मामलों में फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Source: Source