पानीपत निवासी और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता रिपक कंसल सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के 2026-27 चुनाव में कोषाध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 61 मतों के अंतर से हराया। उनकी जीत पर सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें बधाई दी। रिपक कंसल प्रभावशाली लोगों के मामलों को प्राथमिकता मिलने और आम लोगों के मामलों की अनदेखी के विरोध को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में कथित वीआईपी कल्चर के खिलाफ आवाज उठाई थी। इस मामले में उन पर 100 रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया गया था। उनके समर्थन में साथी अधिवक्ताओं ने 50-50 पैसे के सिक्के जुटाकर जुर्माना जमा किया था। यह मामला देशभर में मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चित रहा था। कंसल ने वकालत की शुरुआत जिला बार एसोसिएशन पानीपत से की थी। बाद में वे दिल्ली चले गए और वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट परिसर में अपनी लॉ फर्म संचालित करते हैं। वे 2022-23 में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। कंसल कोविड मुआवजे समेत कई महत्वपूर्ण जनहित याचिकाओं के लिए भी जाने जाते हैं। उनकी जीत पर पानीपत और दिल्ली के कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है। कई अधिवक्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Source: Source