राजनांदगांव में नेशनल हाईवे पर पेंद्री के पास ट्रक की चपेट में आने से आठ मवेशियों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मामले की खबर सामने आने के बाद कलेक्टर जितेंद्र यादव ने NHAI के परियोजना निदेशक को पत्र जारी किया। उन्होंने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। हाईवे पर घूम रहे आवारा मवेशियों को हटाने और नियंत्रित करने के लिए गठित दल को सक्रिय करने को कहा गया है। कलेक्टर ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार एजेंसी, अधिकारियों और कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रशासन ने मवेशी नियंत्रण दल के सदस्यों के नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर और जिम्मेदारियां मांगी हैं। इसका उद्देश्य संबंधित अधिकारियों की सीधे तौर पर जवाबदेही तय करना है। रात के समय वाहन चालकों की बेहतर दृश्यता के लिए हाईवे की हाई मास्ट लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माणाधीन और सड़क चौड़ीकरण वाले हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है। इन स्थानों पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। रात में इन क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। जिला प्रशासन ने NHAI से सभी निर्देशों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा है। की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी तत्काल प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की कार्रवाई से लोगों और पशु प्रेमियों को हाईवे पर मवेशियों की सुरक्षा बेहतर होने की उम्मीद है। Source: Source Post navigation ‘चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर’ पोस्ट करना पड़ा भारी, जौनपुर में लेखपाल सस्पेंड शहडोल में 20 लाख का स्टॉप डैम पहली बारिश में बहा, निर्माण गुणवत्ता पर सवाल; भुगतान रोका गया