हिसार के लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आज जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा करेंगे। बैठक में पुराने लंबित परिवादों की समीक्षा की जाएगी। आमजन की नई शिकायतों पर भी सुनवाई होगी। अधिकारियों की जवाबदेही मौके पर तय किए जाने की संभावना है। पिछली बैठक में शहर की खराब सीवरेज व्यवस्था को लेकर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने एक महीने में सीवरेज व्यवस्था सुधारने की चेतावनी अधिकारियों को दी थी। मंत्री ने लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। पिछली बैठक में राजदरबार स्पेस कॉलोनी से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई हुई थी। RWA सदस्यों ने कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की कमी के आरोप लगाए थे। प्रशासन की ओर से पक्ष रखने के लिए बुलाए जाने के बावजूद कॉलोनी के मालिक बैठक में उपस्थित नहीं हुए थे। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अगली बैठक में मालिक को हर हाल में पेश कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने ASP को निर्देश दिया था कि मालिक के दोबारा अनुपस्थित रहने पर FIR दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पेश किया जाए। आज की बैठक में इन पुराने मामलों की स्थिति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

Source: Source