पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुग्राम की भोंडसी जिला जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करने पहुंचेंगे। यह मुलाकात मौजूदा राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम के बीच अहम मानी जा रही है। भगवंत मान दिल्ली के कपूरथला हाउस से अपने काफिले के साथ गुरुग्राम के लिए रवाना होंगे। जेल प्रशासन की अनुमति के बाद दोपहर में उनकी अरोड़ा से मुलाकात होने की संभावना है। इससे पहले 23 मई 2026 को भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भोंडसी जेल में अरोड़ा से मुलाकात की थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने उन्हें कानूनी लड़ाई में पार्टी के समर्थन का भरोसा दिया था। संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने 9 मई को मनी लॉन्ड्रिंग और कथित फर्जी जीएसटी बिलिंग मामले में गिरफ्तार किया था। ईडी का आरोप है कि मामले में शेल कंपनियों और कथित फर्जी लेन-देन का इस्तेमाल किया गया। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने अरोड़ा को न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया था। उनके विभाग दूसरे मंत्रियों को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन वह अभी भी पंजाब कैबिनेट में मंत्री हैं। आज की मुलाकात में मामले की कानूनी प्रक्रिया और आगामी जमानत याचिका पर चर्चा होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताती रही है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए कर रही है।

Source: Source