रोहतक के गांव मदीना में रेडियो स्टेशन के पीछे एक युवक का जला हुआ शव मिला। सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के मुंह से खून निकलने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव पर केमिकल डालकर आग लगाई गई हो सकती है। शव पूरी तरह नहीं जल पाया, जिसके कारण ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर FSL विशेषज्ञों को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। शव को झाड़ियों के पास फेंके जाने और बाद में आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ हत्या के संभावित कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

Source: Source