कोरबा में गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप और निर्माण में कथित त्रुटियों को लेकर मूर्तिकारों की आपात बैठक हुई। बैठक माटी मूर्तिकार विकास समिति के अध्यक्ष बिसाहू राम कुंभकार के नेतृत्व में आयोजित की गई। इसमें हिंदू नारायणी सेना के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल समेत संगठन के पदाधिकारी और दो पंडित शामिल हुए। संगठन ने कुछ गणेश प्रतिमाओं में पारंपरिक स्वरूप से बदलाव किए जाने पर आपत्ति जताई थी। आरोप लगाया गया था कि कुछ प्रतिमाएं कार्टून, बाल, एआई और नाचते-गाते स्वरूप में बनाई जा रही हैं। पीओपी से प्रतिमा निर्माण को लेकर भी पर्यावरण संबंधी आपत्ति जताई गई। बैठक में प्रतिमाओं के आसन, सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में बताई गई खामियों पर चर्चा हुई। संगठन की टीम में शामिल पंडितों ने मूर्तिकारों को धार्मिक मान्यताओं और शास्त्रों के अनुरूप प्रतिमा निर्माण की जानकारी दी। इसके बाद मूर्तिकारों ने बताई गई गलतियों को स्वीकार कर आवश्यक सुधार करने पर सहमति जताई। बैठक के बाद टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर बन रही गणेश प्रतिमाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 100 से अधिक बड़ी प्रतिमाओं में जरूरी सुधार किए गए। मूर्तिकारों ने भविष्य में भगवान के स्वरूप में इस तरह के बदलाव नहीं करने का संकल्प लिया। हिंदू नारायणी सेना ने पूजा समितियों से भी धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप प्रतिमाएं बनवाने की अपील की।

Source: Source