हरियाणा के रेवाड़ी जिले में वर्ष 2024 में कोसली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के कोंडरा गांव निवासी सतेन्द्र उर्फ सिट्टू के रूप में हुई है। सीआईए कोसली पुलिस इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सतेन्द्र को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 28 दिसंबर 2024 की रात चोरों ने बैंक परिसर के बगल की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आरोपियों ने बैंक के स्ट्रांग रूम और गन बॉक्स को गैस कटर से काटने का प्रयास किया, लेकिन वे नकदी या अन्य संपत्ति चुराने में सफल नहीं हुए। हालांकि, वे बैंक से तीन लेजर प्रिंटर, चार बड़ी बैटरियां और एक सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर ले गए थे। अगले दिन बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कोसली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें सन्नी कुमार उर्फ सन्नी, जितेंद्र उर्फ मोनू, युसूफ, कफिल, राज रोशन उर्फ कृष्णा, सोनू और बालकिशन शामिल हैं। पुलिस ने पहले गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो बैटरियां, एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एलपीजी सिलेंडर, एक कटर और एक प्रिंटर बरामद किया था। अब मामले में फरार चल रहे सतेन्द्र उर्फ सिट्टू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के विभिन्न थानों में दुष्कर्म और मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Source: Source