झज्जर पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहादुरगढ़ में दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए-2 बहादुरगढ़ की टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्तौल बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना लाइनपार बहादुरगढ़ में मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस उपायुक्त क्राइम शुभम सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई कार्रवाई के बारे में सीआईए-2 प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई में पुलिस टीम बराही फाटक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि विकास नगर, लाइनपार निवासी जतिन बराही रोड पर गंदे नाले के पास अवैध पिस्तौल लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी हथियार का लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। दूसरी कार्रवाई गांव बामनौली बस स्टैंड पर की गई। यहां पुलिस टीम को देखकर बराही की तरफ से पैदल आ रहा एक युवक वापस मुड़कर तेज कदमों से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली। उसकी लोअर की जेब से एक देशी पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी की पहचान विकास नगर, लाइनपार बहादुरगढ़ निवासी विवेक उर्फ विक्की के रूप में हुई। वह भी हथियार का लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार, आरोपी जतिन के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। विवेक उर्फ विक्की के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। झज्जर पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त बढ़ाने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है।

Source: Source