दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली में जुटी भीड़ को लेकर पूर्व मंत्री और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह स्थापित तथ्य है कि आशुतोष रांका और दीपके आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रहे हैं। अजय चंद्राकर ने कहा कि तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद रामलीला मैदान में कुर्सियां खाली रह गईं। इससे विपक्ष की राजनीतिक ताकत और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदर्शन की सफलता का पैमाना क्या है, यह जनता तय करेगी। बुधवार को बिलासपुर दौरे पर पहुंचे अजय चंद्राकर ने 1 नवंबर को दिल्ली में हुए विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के पास अब न मूल विचार बचे हैं और न ही मौलिकता। जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और ईवीएम पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ईवीएम से चुनाव जीतकर सत्ता में आती थी, तब उसे इस व्यवस्था से कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन चुनाव हारने पर चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल खड़े किए जाने लगते हैं। यह कांग्रेस की दोहरी राजनीति है। अजय चंद्राकर ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी बूथों पर कांग्रेस के बीएलओ तक नहीं हैं, ऐसे में देशभर की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करना सबसे जरूरी है। चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। इससे पहले बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर कृषि महाविद्यालय, सरकंडा में भाजपा की ओर से आयोजित राष्ट्र चिंतन प्रबुद्धजन संगोष्ठी में भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए चंद्राकर ने कहा कि लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को अपने राजनीतिक इतिहास को भी याद रखना चाहिए।

Source: Source