हरियाणा कांग्रेस ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तीसरे चरण के तहत प्रदेशभर में आंदोलन तेज करने की तैयारी की है। 3 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, कार्यकर्ता बैठकें, मतदाता सूची का सत्यापन और गांवों में चौपालों का आयोजन किया जाएगा। सोनीपत में अभियान के लिए नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। बुधवार को उन्होंने कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में एक विधानसभा क्षेत्र में 15 हजार से अधिक वोटों की चोरी हुई और इसी वजह से कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। विधायक ने आरोप लगाया कि 2024 के चुनाव से वोट चोरी का सिलसिला शुरू हुआ और चुनाव को मैनेज किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार समेत अलग-अलग राज्यों में वोट चोरी की है। उनके अनुसार करीब साढ़े 13 करोड़ संविधान में आस्था रखने वाले लोगों के वोट काटकर सत्ता हासिल करने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी चुनाव आयोग से सवाल पूछती है तो वहां से जवाब नहीं मिलता, बल्कि भाजपा के प्रवक्ता जवाब देने के लिए सामने आ जाते हैं। विधायक ने कहा कि भाजपा एसआईआर की आड़ में घुसपैठियों को ढूंढने का दावा कर रही है, लेकिन अभी तक भाजपा या चुनाव आयोग ने ऐसा कोई आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देश का सबसे बड़ा गद्दार बताया और आरोप लगाया कि उन्होंने देश की आत्मा और संविधान को कुचलने का काम किया है। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दें। विधायक ने लाडो लक्ष्मी योजना और एमएसपी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 80 लाख महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह देने का वादा किया गया था, जबकि धान पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी देने का वादा किया गया था, लेकिन आज किसानों को 2461 रुपये प्रति क्विंटल भी नहीं मिल पा रहे हैं। Source: Source Post navigation ‘अखिलेश यादव रणछोड़’, चुनाव न लड़ने के बयान पर BJP का हमला; पंकज चौधरी बोले- नोएडा जाने से डरते थे