सरगुजा जिले में शहीद एसटीएफ जवान के बुजुर्ग माता-पिता को बहू ने बेसहारा छोड़ दिया है। बहू को एसटीएफ जवान की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली और लाखों की आर्थिक सहायता राशि मिलने के बाद भी वह उनकी देखरेख करने तैयार नहीं है। बहू के खिलाफ सरगुजा कलेक्टर एवं एसपी से बुजुर्ग माता-पिता ने शिकायत में अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों का उल्लंघन करने, बुजुर्ग सास-ससुर को घर से बेदखल करने और शहीद परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी साझा नहीं करने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक स्पेशल टास्क फोर्स में पदस्थ शहीद रामशंकर 3 अप्रैल 2021 को बीजापुर में शहीद हो गए थे। शहादत के बाद उनकी पत्नी को परिवार के भरण-पोषण और देखभाल की शर्त पर अनुकंपा नियुक्ति एसपी कार्यालय अंबिकापुर में दी गई थी। रामशंकर का कोई संतान नहीं है। शहीद रामशंकर के पिता दुखराम और मां दुलारी बाई क्रमशः 76 और 68 वर्ष के हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि नौकरी मिलने के बाद बहू ने उनसे सारे संबंध तोड़ लिए हैं और वह उनकी कोई आर्थिक मदद नहीं करती। वे छोटे बेटे के साथ रह रहे हैं। उनके छोटे बेटे जय सिंह ने अंबिकापुर में मकान बनवाया था, लेकिन उस मकान पर भी ताला लगा दिया गया है। इसके कारण बुजुर्ग माता-पिता अपने छोटे बेटे और उसके परिवार के साथ रहने को मजबूर हैं। शहीद के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि बेटे की शहादत के बाद शासन से लगभग 84 लाख रुपये मिलने की जानकारी दी गई थी, जबकि बहू की ओर से केवल 25 लाख रुपये मिलना बताया गया था। शहादत के बाद मिली राशि और वेतन से बहू ने कार, स्कूटी, ट्रैक्टर, बाइक, जमीन और बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट जैसी संपत्तियां बनाई हैं, लेकिन बुजुर्ग माता-पिता की आर्थिक सहायता नहीं की। बुजुर्ग माता-पिता ने शिकायत में कहा है कि उनके पास शहीद बेटे के आधार कार्ड, शहीद प्रमाण पत्र और आश्रित परिवार सूची जैसे जरूरी दस्तावेज नहीं हैं और बहू से दस्तावेजों की प्रतियां मांगने पर भी नहीं दी जा रही हैं। शहीद के माता-पिता ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक, सरगुजा को आवेदन सौंपकर अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों की जांच कराने, बहू को बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए जिम्मेदार बनाने और उन्हें घर में प्रवेश दिलाने की मांग की है। Source: Source Post navigation हापुड़ में बन रही थी मिलावटी क्रीम: 5 क्विंटल माल नष्ट, यूनिट बंद, सैंपल लैब भेजे पलवल में दो सड़क हादसे: महिला समेत दो की मौत, एक दंपती घायल; डंपर और कार चालक पर केस