यमुनानगर के जगाधरी सदर थाना क्षेत्र के मामली गांव में बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने महिला को बातों में उलझाकर उसके दोनों कानों से सोने की बालियां झपट लीं। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने मधुमक्खी का बहाना बनाया। एक युवक महिला के पास चारपाई पर बैठ गया और उसे सिर पर मधुमक्खी बैठने की बात कहकर उलझा दिया। जैसे ही महिला सिर से मधुमक्खी उड़ाने लगी, आरोपी उसके कानों से बालियां झपटकर साथी के साथ फरार हो गया। छीनी गई बालियों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मामली निवासी हरिचंद ने बताया कि उसकी 70 वर्षीय मां जगिंद्रों देवी के कूल्हे का ऑपरेशन हुआ है और वह बैसाखी के सहारे चलती हैं। वारदात के समय दोपहर करीब 11 बजे वह घर के बाहर गली में चारपाई बिछाकर बैठी हुई थीं। इसी दौरान स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने कपड़े से अपने मुंह ढके हुए थे। उन्होंने बाइक मां के पास रोकी और एक युवक नीचे उतरकर मां के पास चारपाई पर आकर बैठ गया। युवक ने मां से कहा कि उनकी चुन्नी पर सिर के पास मधुमक्खी बैठी हुई है। उसकी बात सुनकर मां सिर पर बैठी मधुमक्खी को उड़ाने का प्रयास करने लगीं। इसी दौरान युवक ने झट से उनके दोनों कानों से सोने की बालियां झपट लीं और बाइक पर मौजूद अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। हरिचंद ने बताया कि मां चलने-फिरने में असमर्थ हैं, इसलिए वह आरोपियों का विरोध भी नहीं कर पाईं। वारदात के बाद मां ने शोर मचाया तो घर के सदस्य बाहर आए और उन्हें संभाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हरिचंद ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने गांव और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, जिसमें दोनों युवक बाइक पर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। जगाधरी थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source: Source