सिरसा जिले के गांव रामगढ़ में बुधवार को एक युवक की कीटनाशक का सेवन करने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रीतम सिंह उर्फ जॉकी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय प्रीतम सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और उसका चिकित्सक से उपचार भी चल रहा था। बताया जाता है कि चिकित्सक द्वारा दी गई दवाइयों का सेवन करने के बजाय उसने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। कीटनाशक के सेवन के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे उपचार के लिए डबवाली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि मृतक के भाई रमेश कुमार के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पांच वर्षीय मासूम बेटे को छोड़ गया है। पिता की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Source: Source