जिला मंडी में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 960 बोतलें अवैध शराब बरामद की हैं। जिला पुलिस की सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कन्सा पुल स्थित श्मशान घाट के पास नाकाबंदी कर एक बोलेरो पिकअप गाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान वाहन में सवार एक व्यक्ति के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप के माध्यम से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने कन्सा पुल श्मशान घाट के समीप संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सवार सूरज नायक उर्फ अबू निवासी तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के कब्जे से 80 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 50 कार्टन देसी शराब (संतरा) शामिल थे, जिनमें 600 बोतलें थीं, इसके अलावा 30 कार्टन रॉयल स्टैग व्हिस्की के बरामद किए गए, जिनमें 360 बोतलें थीं। इस तरह पुलिस ने कुल 960 बोतलें अवैध शराब जब्त की हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बल्ह में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Source: Source