सोनीपत जिले में परिवहन नियमों और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्देशों की पालना करवाने के लिए पुलिस और आरटीए विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। अक्टूबर माह में दोनों विभागों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 375 वाहनों को इम्पाउंड किया, जबकि 14 वाहनों को स्क्रैप किया गया। इसके अलावा पुराने वाहनों के मालिकों को परिवर्तन योजना के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में 31 कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह जानकारी जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण सुभाष चन्द्र ने दी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 तक बीएस-I, बीएस-II और बीएस-III श्रेणी के वाहन मालिकों को कुल 1,094 नोटिस जारी किए गए हैं, वहीं बीएस-IV श्रेणी के वाहन मालिकों को 4,320 परामर्श सूचनाएं भेजी गई हैं। इनका उद्देश्य वाहन मालिकों को परिवर्तन योजना और पुराने वाहनों से संबंधित नियमों की जानकारी देना है। वाहन मालिकों को परिवर्तन योजना और इससे संबंधित पोर्टल की जानकारी देने के लिए अक्टूबर माह में जिले में 31 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से वाहन मालिकों को योजना के प्रावधानों और वाहन स्क्रैपिंग की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। अक्टूबर माह के दौरान जिले में चार ईंधन स्टेशनों का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें नौ वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र नहीं मिला। विभाग की ओर से वाहन मालिकों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन मालिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज पूरे रखें और पीयूसीसी की वैधता समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परिवहन और प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित लागू नियमों का पालन करना जरूरी है और परिवर्तन योजना और वाहन स्क्रैपिंग से संबंधित जानकारी के लिए वाहन मालिक आरटीए कार्यालय, सोनीपत में संपर्क कर सकते हैं।

Source: Source