जींद के शाहपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में पंजाब के एक व्यक्ति की मौत हो गई। पत्नी ने कंबाइन मालिक के साथ पैसों के लेनदेन और पुराने विवाद में पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक दो बेटों का पिता और कंबाइन ड्राइवर था। पंजाब के तोंगा निवासी ब्रह्मजीत कौर ने पुलिस को शिकायत दी, जिसमें बताया कि उसके पति 37 वर्षीय जरनैल सिंह कंबाइन चलाते थे और धान कटाई के सीजन में इन दिनों कंबाइन के साथ हरियाणा आए हुए थे। बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि जरनैल सिंह की तबीयत खराब है और उन्हें जींद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना के बाद वह परिवार के साथ जींद आई, तब तक उनके पति की मौत हो चुकी थी। उनका एक बेटा 10वीं और दूसरा 6वीं कक्षा में पढ़ता है। उन्होंने बताया कि उसके पति का कंबाइन मालिक के साथ पिछले कुछ दिनों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चला आ रहा था और कंबाइन पर काम करने वाले कुछ लोगों के साथ भी उनका विवाद था, जिसके बारे में फोन पर अक्सर उनके पति चर्चा करते थे। उसे आशंका है कि शराब पिलाने के बाद आरोपियों ने उसके पति की पिटाई की थी और पिटाई में लगी चोटों के कारण ही उनकी मौत हुई है। जानकारी के अनुसार गांव पोंडा निवासी जरनैल सिंह कंबाइन ड्राइवर कम मिस्त्री थे और पिछले कुछ समय से कंबाइन के साथ हरियाणा आए हुए थे। पाई-भाणा में मशीन चल रही थी, जहां पैसे के लेनदेन को लेकर कंबाइन मालिक के साथ विवाद हो गया। इसके बाद जरनैल सिंह को करनाल के मोर माजरा (असंध) लेकर आए गए, जहां उसके साथ कंबाइन मालिक व अन्य लोगों द्वारा मारपीट के आरोप हैं। इसी बीच एक अन्य कंबाइन मालिक जरनैल सिंह को अपने साथ लेकर जींद के शाहपुर गांव आ गए, जहां बुधवार सुबह वे बेसुध मिले तथा अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी ब्रह्मजीत कौर ने पुराने कंबाइन मालिक व उसके साथियों पर पीट-पीटकर अपने पति की हत्या का आरोप लगाया। सदर थाना एसएचओ मनीष कुमार ने कहा कि यह पूरा विवाद करनाल के मोर माजरा और कुरुक्षेत्र के पाई गांव का है और विवाद के चलते वे अपने किसी परिचित के साथ शाहपुर आए थे। पत्नी की शिकायत पर पुंडरी पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुंडरी थाना के जांच अधिकारी ने कहा कि पत्नी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है और पोस्टमार्टम व बिसरा रिपोर्ट के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source