सिरसा के डबवाली में स्टेट हाईवे नंबर 32 पर मट्टदादू से करीब 500 मीटर की दूरी पर भोभिया ढाणी के समीप टाटा ऐस टेंपो और बाइक के बीच हुई टक्कर में दोनों वाहनों के ड्राइवरों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के मुताबिक टाटा ऐस ड्राइवर नरेंद्र शर्मा पंजाब में मजदूरों को छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी भोभिया ढाणी के नजदीक तेज रफ्तार बाइक सीधे टाटा ऐस में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस का इंतजाम किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद डायल 112 की पुलिस गाड़ी मौके पर पहुंची और घायलों को डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर टाटा ऐस ड्राइवर नरेंद्र शर्मा ने दम तोड़ दिया, वहीं बाइक सवार रिंकू की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दोनों परिवारों के चिराग बुझने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source: Source