करनाल शहर में पूर्व पत्नी पर नुकीले औजार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला पर बुधवार रात मेरठ रोड पर हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके अलावा पुलिस ने लड़ाई-झगड़े के एक अन्य मामले में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस चारों आरोपियों को वारदात स्थलों पर निशानदेही कराने के लिए लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर उन्हें बाजार में पैदल घुमाया और इसके बाद संबंधित वारदात स्थलों पर ले जाकर निशानदेही भी कराई गई। इस दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकारते हुए कहा कि उनसे गलती हुई है और दूसरों को भी इस तरह की हरकत नहीं करनी चाहिए। मेरठ रोड पर अंजलि नाम की महिला पर बुधवार रात उसके पूर्व पति साहिल शर्मा ने नुकीले औजार से हमला कर दिया था। आरोपी ने महिला के गले पर पेचकस मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और दोनों के बीच विवाद के चलते मई महीने में तलाक हो गया था। इसके बावजूद साहिल लगातार उसकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। परिवार का कहना है कि इस संबंध में वे पहले भी कई बार पुलिस को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 20 अक्टूबर को भी साहिल ने उसकी बेटी की स्कूटी को टक्कर मारी थी, जिसकी भी शिकायत दी गई थी। थाना प्रभारी रामलाल शर्मा ने बताया कि साहिल शर्मा ने अपनी तलाकशुदा पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास किया था, जिसमें हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को भी काबू कर लिया गया है, जिनमें से एक के खिलाफ करीब 25 मामले दर्ज हैं।

Source: Source