रेवाड़ी के बावल स्थित आईएमटी के सेक्टर-4 में विक्टोरा टेक्नोलॉजी ऑटो पार्ट्स कंपनी के कर्मचारियों ने धनतेरस के दिन शुक्रवार को हड़ताल कर दी। कंपनी के प्लॉट नंबर 133 में कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध जताया। कंपनी मारुति के लिए स्पेयर पार्ट्स बनाती है। कर्मचारियों के मुताबिक दिवाली पर कंपनी बोनस नहीं दे रही है और सैलरी भी रोक दी गई है। उनका आरोप है कि कॉन्ट्रैक्ट बेस कर्मियों को बोनस नहीं दिया जा रहा है, जबकि बाकी को दिया जा रहा है। इसी के विरोध में करीब 200 कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। कंपनी कर्मचारियों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर आरोप लगाया कि उत्पादन तय लक्ष्य से कम रहने पर कर्मचारी को दूसरों के सामने अपमानित किया जाता है और ऐसे कर्मचारी के खिलाफ बाकी कर्मचारियों से तालियां बजवाई जाती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधन गेट बंद करने और उन्हें कंपनी से बाहर निकालने की धमकी देता था। वहीं कंपनी के सीनियर एचआर मैनेजर अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों की मांग है कि 7 तारीख को सैलरी देने की बजाय धनतेरस के दिन दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को शुक्रवार को ही सैलरी दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी नई है और सरकार की नीति के अनुसार भत्ते दिए जाते हैं तथा कर्मचारियों की मांगें भी नीति के अनुसार पूरी की जाएंगी। Source: Source Post navigation Gold Silver Price Today: धनतेरस पर सोना 1.42 लाख और चांदी 1.84 लाख रुपए पर आई, MCX पर दोनों में गिरावट