लुधियाना में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल ने पार्टी संगठन का विस्तार करते हुए विभिन्न सेल के प्रमुखों की नियुक्तियां की हैं। संगठन को मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी के साथ जोड़ने के उद्देश्य से की गई इन नियुक्तियों में छह पदाधिकारियों को अलग-अलग सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल ने विनोद कालिया को सीनियर सिटीजन सेल, नरिंदर दत्ता को एनजीओ सेल, सौरव सिंह ठाकुर को पूर्वांचल सेल, संजय शर्मा को ट्रांसपोर्ट सेल, क्रांति डोगरा को हिमाचल सेल और रोबिन चुघ को पुलिस एवं प्रशासनिक सेल का जिला प्रमुख नियुक्त किया है। सुनील मौदगिल ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को संगठन के साथ जोड़कर जनसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाना है। नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे। रोबिन चुघ ने कहा कि जिले में जहां कहीं भी नशा सप्लाई होता है या अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं, उन्हें समाप्त करने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में तनदेही से काम करके पार्टी को मजबूत किया जाएगा।

Source: Source