गुरुग्राम के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र आईएमटी मानेसर में शनिवार सुबह सेक्टर-6 स्थित एक रबर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का गुबार आसमान में दूर से ही दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। अभी तक किसी के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड को सुबह करीब पौने दस बजे मेसर्स जयंती रबर इंडस्ट्रीज में आग लगने की सूचना मिली। औद्योगिक क्षेत्र में आग की खबर मिलते ही फायर स्टेशन पर तुरंत अलर्ट घोषित किया गया। फैक्ट्री के भीतर भारी मात्रा में रबर का कच्चा माल और तैयार उत्पाद रखे हुए थे। रबर अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कर दीं। दमकल विभाग की रणनीति से आग को एक ही हिस्से में सीमित कर दिया गया और एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड अधिकारी ललित ने बताया कि गनीमत रही कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी और मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं है। Source: Source Post navigation जबलपुर की झुग्गी बस्ती में देर रात लगी भीषण आग: 50 झुग्गियां जलकर खाक, 350 परिवारों में मची भगदड़ पानीपत में टेक्सटाइल फैक्टरी में भीषण आग: लाखों का कच्चा माल और मशीनरी जली, इमारत को भी नुकसान, समालखा से मंगवाई दमकल गाड़ियां