पानीपत में पसीना रोड स्थित ओम बालाजी टेक्सटाइल फैक्टरी में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी में रखा कच्चा माल और मशीनरी इसकी चपेट में आ गए। आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, वहीं फैक्टरी की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग लगातार भड़कती रही। हालात को देखते हुए समालखा से भी दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां मंगवाई गईं। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब एक बजे फैक्टरी में अचानक आग लग गई। फैक्टरी में कच्चा माल और मशीनरी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में भी हलचल मच गई। दमकल कर्मचारियों ने अलग-अलग तरफ से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Source: Source