पलवल के उटावड़ गांव में धर्मग्रंथ जलाने और धर्मस्थलों में आग लगाने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सुनार प्रहलाद उर्फ टीटू के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता मोहम्मद वसीम खान ने कॉल रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। उटावड़ थाना प्रभारी हरी किशन के मुताबिक वसीम ने शिकायत में बताया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे उन्होंने सोने का रेट पूछने के लिए गांव के सुनार प्रहलाद को फोन किया था। आरोप है कि रेट बताने के बजाय प्रहलाद ने फोन पर गालियां दीं और धर्मग्रंथ जलाने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पूरे भारत में धर्मस्थलों में आग लगाने की बात कही। वसीम ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी प्रहलाद पहले भी ऐसी घटना कर चुका है और उसके तथा उसके परिवार के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उटावड़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है।

Source: Source