अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और बीएसएफ ने अलग-अलग मामलों में अवैध हथियार और हेरोइन बरामद की है। घरिंडा थाना पुलिस ने अवैध पिस्तौल रखने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और एक खाली मैगजीन बरामद की है और तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने लोपोके थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से हेरोइन की खेप बरामद की है। पहले मामले में बीएसएफ ने पैकेट सहित 1 किलो 74 ग्राम वजन की खेप जब्त की, जिसमें 1 किलो 6 ग्राम हेरोइन और 68 ग्राम पैकेजिंग सामग्री पाई गई। दूसरे मामले में बीएसएफ ने पैकेट सहित 1 किलो 110 ग्राम वजन की खेप बरामद की, जिसमें 980 ग्राम हेरोइन और 130 ग्राम पैकेजिंग सामग्री मिली। दोनों मामलों में पाकिस्तानी तस्करों को अज्ञात आरोपी के रूप में नामजद किया गया है और पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source: Source