पलवल जिले में खेतों से घर लौट रहे किसान पृथ्वी सिंह पर हमला कर 7 हजार रुपए लूटने के मामले में सीआईए होडल ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हथौड़ा, बाइक और लूट में मिले 2 हजार रुपए छिपाने की बात कबूली है। सीआईए प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि एएसआई मुबारिक अली की टीम ने कार्रवाई की। बेढ़ा पट्टी गांव के रविंद्र ने 16 नवंबर को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके चाचा पृथ्वी सिंह बेटे की स्कूल फीस जमा कराने गए थे। शिकायत के मुताबिक खेतों की ओर जाते समय दीपक और उसके 4 साथियों ने पृथ्वी सिंह का रास्ता रोका। आरोपियों ने उन पर हथौड़े, फरसे, डंडों और सरिए से हमला किया। इसके बाद उनकी जेब से 7 हजार रुपए लूट लिए। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 19 नवंबर को होडल थाने में पीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की जांच सीआईए होडल को सौंपी गई। टीम ने 22 नवंबर को दीपक को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसने हमले में इस्तेमाल हथौड़ा विजयगढ़ नाले के पास छिपाया। लूट में मिले 2 हजार रुपए और बाइक उसने फरीदाबाद जिले के अटारी गांव में छिपाई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है और रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर हथौड़ा और बाइक तलाशेगी। साथ ही उसके अन्य साथियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस के मुताबिक दीपक का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। होडल थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और मारपीट का केस दर्ज है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ जारी है।

Source: Source