नूंह जिले के पुन्हाना खंड के गांव लहरवाड़ी में महिला को जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में नूंह सीआईए पुलिस ने एक युवती समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सितंबर 2025 में हुई इस दर्दनाक वारदात के करीब एक साल बाद हुई गिरफ्तारियों से मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। पुलिस ने तीनों महिलाओं को कोर्ट में पेश किया। गिरफ्तार की गई महिलाओं में मन्ना और राहिला मृतका की देवरानी और समीना जेठानी हैं। सितंबर 2025 में गांव लहरवाड़ी में पारिवारिक विवाद के दौरान मुबीना को आग लगा दी गई थी। आग में बुरी तरह झुलसी मुबीना को गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले का अहम पहलू यह है कि मौत से पहले मुबीना ने जयपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवानी मीणा के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। पुलिस ने इन्हीं बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई। इसके बाद नूंह सीआईए पुलिस ने एक युवती समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। अब तीन महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है। इस वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका और घटना के पीछे की पूरी वजह जांच का विषय है। कोर्ट की कार्यवाही और पुलिस जांच से जुड़े अगले कदम महत्वपूर्ण होंगे।

Source: Source