सक्ती जिले के सराईपाली गांव में एक विशाल भारतीय अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। गांव निवासी अजीत राम बंजारे के आम बगीचे में अजगर के साथ करीब 15 अंडे भी पाए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, समय पर सूचना मिलने पर वन विभाग और सर्प मित्रों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजगर और उसके अंडों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। अजीत राम बंजारे जब अपने बगीचे में पहुंचे, तो उन्होंने पेड़ों के बीच एक बड़े अजगर को देखा। पास जाने पर अजगर के अंडे भी मिले। भविष्य में संभावित खतरे को देखते हुए उन्होंने तत्काल सर्प मित्र मयंक ठाकुर को सूचना दी। मयंक ठाकुर ने तुरंत सक्ती वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सक्ती में अजगर और उसके अंडों का सुरक्षित रेस्क्यू वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए अजगर को पकड़ा और यह सुनिश्चित किया कि उसे या उसके अंडों को कोई क्षति न पहुंचे। मादा अजगर और उसके लगभग 15 अंडों को सुरक्षित एकत्र कर शहर से दूर जंगल के प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया, ताकि उनका संरक्षण हो सके। रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। वन विभाग की टीम ने लोगों को अजगर जैसे वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें नुकसान न पहुंचाने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय अजगर एक संरक्षित प्रजाति है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस सफल अभियान में वन विभाग, सर्प मित्र मयंक ठाकुर, सूचनाकर्ता अजीत राम बंजारे और स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। यह वन्यजीव संरक्षण का एक सराहनीय उदाहरण है।

: Source