चंडीगढ़ में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के एक वकील के अपहरण की कोशिश, रंगदारी मांगने और धमकाने का मामला सामने आया है। वकील आदर्शदीप सिंह बराड़ की शिकायत पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने एक विधायक के करीबी सहयोगियों समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता आदर्शदीप सिंह बराड़ ने आरोप लगाया कि 15 मई 2026 को आरोपियों ने उन्हें जबरन एक टोयोटा इनोवा कार में बैठाया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और डराकर पैसों की मांग की गई। आरोप है कि आरोपियों ने उनका वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया व अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी दी। बराड़ के मुताबिक आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर उन पर दबाव बना रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि पैसे नहीं देने पर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने और जान से मारने की धमकियां दी गईं। चैंबर में पहुंचकर मांगी रकम शिकायतकर्ता के अनुसार 20 मई को बठिंडा निवासी जगवंत सिंह मान और एक अज्ञात व्यक्ति उनके चैंबर पहुंचे। वहां भी उनसे पैसों की मांग की गई। आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि रकम नहीं देने पर वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। बराड़ ने बताया कि उसी दिन आरोपियों ने उन्हें मोबाइल पर कॉल कर मिलने के लिए बुलाया। जब उन्होंने बताया कि वह कोर्ट परिसर के गेट नंबर-1 के पास मौजूद हैं, तो आरोपी वहां पहुंच गए। आरोप है कि कोर्ट परिसर के बाहर उनका रास्ता रोककर धक्का-मुक्की की गई और हाथ मरोड़ा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लगातार धमकियों के चलते परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। बराड़ ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की है। विधायक के खिलाफ शिकायत का भी जिक्र शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले एक विधायक के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बाद ही उनके अपहरण की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने शिकायत में विधायक के नाम का जिक्र किया है, लेकिन फिलहाल उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। सेक्टर-3 थाना पुलिस का कहना है कि मामले में कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

: Source