पंजाब में आम आदमी पार्टी ने आगामी चुनावों के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिसके आते ही लुधियाना की सियासत में खासी हलचल मच गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि पार्टी ने जेल में बंद एक मंत्री पर तो भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दे दिया है, लेकिन लुधियाना के एक कैबिनेट मंत्री समेत 3 विधायकों का नाम इस लिस्ट में नहीं है। इसके अलावा दिवागत विधायक गुरप्रीत गोगी की पत्नी को भी टिकट नहीं मिल पाई है। लुधियाना के जिन तीन मौजूदा विधायकों को 40 उम्मीदवारों की इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है, उनमें कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां (साहनेवाल), राजिंदर पाल कौर छीना (लुधियाना साउथ) और जीवन सिंह संगोवाल (गिल) शामिल हैं। इसके साथ ही लुधियाना वेस्ट से विधायक गुरप्रीत गोगी की पत्नी भी टिकट की तगड़ी दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन उन्हें भी इस बार निराशा हाथ लगी है। हालांकि लुधियाना के पांच मौजूदा विधायकों को पार्टी ने पहली ही लिस्ट में अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जिनमें संजीव अरोड़ा (लुधियाना वेस्ट), कुलवंत सिंह सिद्धू (आत्म नगर), भोला ग्रेवाल (लुधियाना ईस्ट), मदन लाल बग्गा (लुधियाना नॉर्थ) और अशोक पाराशर पप्पी (लुधियाना सेंट्रल) शामिल हैं। अब शहर के लोगों और समर्थकों की निगाहें आम आदमी पार्टी की अगली लिस्ट पर टिकी हैं।

Source: Source