पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन कथित भ्रष्टाचार मामले में पूछताछ के लिए चंडीगढ़ स्थित CBI कार्यालय पहुंचे। यह मामला मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों से संबंधित है। पूछताछ के बाद घुम्मन ने बताया कि CBI ने उनसे 50 सवाल पूछे और उन्होंने सभी के जवाब दिए। उनके मुताबिक, कुछ सवाल पुराने थे, जबकि कुछ नए सवाल भी पूछे गए। इससे पहले एक दौर की पूछताछ में उनसे करीब 40 सवाल किए गए थे। पिछली बार घुम्मन से लगभग छह घंटे तक पूछताछ हुई थी। उन्होंने कहा कि वह निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं और उन्हें किसी बात का डर नहीं है। इस मामले की जांच CBI के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है। ED ने 13 अक्टूबर को जालंधर में इस मामले में केस दर्ज किया था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर CBI ने 5 अक्टूबर को भ्रष्टाचार के आरोपों में मामला दर्ज किया था। मामले में राजबीर घुम्मन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर दविंदर सिंह, आरएस नागरा और कुछ अज्ञात सरकारी व निजी अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। राजबीर घुम्मन को पहले CBI के समन के बावजूद पेश नहीं होने के बाद 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम राहत मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था। इस मामले में घुम्मन के करीबी नितिन गोहल और बीर दविंदर सिंह से भी पूछताछ की जा चुकी है, जबकि जितिन गोहल भी जांच में शामिल हुए हैं। CBI पंजाब सरकार के 15 से अधिक विभागों की फाइलों और 22 से ज्यादा अधिकारियों के तबादलों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। Source: Source Post navigation रायहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी पर विवाद, BJP ने राहुल गांधी और प्रियंका के बेटे को लेकर कसा तंज भगवंत मान का आरोप- दिल्ली एयरपोर्ट पर 2 घंटे बैठाए रखा, बोले- CEC ज्ञानेश कुमार के भाई ने मौका मिलने पर बदला लिया