छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम शंकरदहा में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान खिलेश कुमार ध्रुव को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम पहुंचा, जहां हजारों लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए और ‘वीर जवान अमर रहे’ व ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। शंकरदहा स्कूल परिसर में ITBP और पुलिस जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 32 वर्षीय खिलेश ध्रुव 2013-14 से ITBP में तैनात थे और नक्सल प्रभावित नारायणपुर क्षेत्र में ड्यूटी पूरी कर लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। ग्रामीणों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित जवान बताते हुए श्रद्धांजलि दी।

Source: Source