मानसा जिले के दातेवास गांव में पुलिस और अकाली नेता पर हमले के आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। आरोपी गुरमीत सिंह दातेवाल को हथियार बरामदगी के लिए पुलिस मौके पर लेकर गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हथियार उठाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी की गोली पुलिस वाहन में लगी, हालांकि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी की बाईं टांग में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला बरेटा में शिअद नेता दलवीर सिंह काला जवंदा पर हुए हमले से जुड़ा है। हमले में नेता गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें इलाज के लिए लुधियाना रेफर किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के ठीक होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Source: Source