बलांगीर के अगालपुर (दुदुका) में पंचायत समिति बैठक हॉल में बुधवार को जिला मजिस्ट्रेट सह कलेक्टर गौरव शिवाजी इसलवार एवं सुरक्षा अधिकारी अभिलाष की अध्यक्षता में संयुक्त जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित हुआ। शिविर में क्षेत्र के आम नागरिकों ने सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। कुल 116 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 91 व्यक्तिगत और 25 सामूहिक थीं। सबसे राहत की बात यह रही कि 20 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान कर दिया गया। शिविर में मुख्य विकास अधिकारी सह जिला परिषद सीईओ तारणी सुना, डिप्टी कलेक्टर आलोक कुमार पटेल समेत जिला स्वास्थ्य, कृषि और समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। शिविर के बाद कलेक्टर ने पंचायत समिति परिसर में स्थित कृषि सूचना एवं सलाहकार केंद्र का औचक निरीक्षण किया और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अगालपुर पुस्तकालय का भी दौरा किया, वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्रों से बातचीत कर उनकी जानकारी ली। इस शिविर से आम जनता को अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान पाने की उम्मीद बढ़ी है।

Source: Source