अमृतसर के रमदास क्षेत्र के जट्टा गांव में एक घर पर ग्रेनेड हमला किया गया। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने घर को निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। हमले में परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार के एक सदस्य के अनुसार वह अपने भाई को खाना देने गया था, तभी दो नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे। हमलावरों ने ग्रेनेड फेंका, जिससे घर को नुकसान पहुंचा और वाहन के शीशे टूट गए। अकाली दल नेता जोध सिंह समरा ने दावा किया कि घर पर दो ग्रेनेड फेंके गए थे। उन्होंने सीमावर्ती गांव में ऐसी घटना को सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता बताया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सेना के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रेनेड अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच में परिवार की किसी पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस हमले के कारण और आरोपियों के मकसद का पता लगाने के साथ उनकी तलाश कर रही है।

Source: Source