बलौदाबाजार जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने शिवनाथ नदी से रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए। नदी तक पहुंचने वाले अवैध रैंप को ध्वस्त कर दिया गया। खनि निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए दो वाहन जब्त किए गए। रेत उत्खनन करने वालों के पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की। जब्त वाहन सुरक्षित रखने के लिए लवन थाना में जमा कर दिए गए हैं। भविष्य में अवैध खनन रोकने के लिए नदी तक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध रेत खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत खनन करने वालों में खलबली मच गई है।

Source: Source