दिग्विजय चौटाला द्वारा इनेलो विधायकों को लेकर दिए गए बयानों पर रानियां से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय कुछ भी कहे, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने दिग्विजय सहित तीन नेताओं को झूठा करार दिया है। अर्जुन चौटाला ने कहा कि इस प्रदेश में तीन बड़े झूठे हैं। पहला बड़ा झूठा बीजेपी में विधायक रामकुमार गौतम है, दूसरा बड़ा झूठा कांग्रेस के अंदर सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी है और तीसरा बड़ा झूठा जजपा में दिग्विजय है। इनकी बातों में कोई दम नहीं होता। विधायक अर्जुन चौटाला बुधवार शाम को सिरसा में डबवाली रोड स्थित इनेलो कार्यालय में वर्करों के साथ मीटिंग ले रहे थे। उसी दौरान अर्जुन चौटाला ने मीडिया को यह बयान दिया। बीजेपी सरकार के दो साल पूरे होने पर विधायक अर्जुन चौटाला बोले कि ये वो सरकार है, जिसे प्रदेश की जनता भी नहीं चाहती थी। दिग्विजय चौटाला पिछले कुछ दिनों से डबवाली में सक्रिय हैं और उन्होंने कहा था कि डबवाली से इनेलो विधायक आदित्य चौटाला राबड़ी पीकर सो गए हैं और उनका हलके से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां कोई विकास नहीं करवाया। विधायक न रहते हुए भी जजपा की ओर से युवाओं को खेल किट व अन्य सामान दिलाया है। दिग्विजय ने कहा था कि पानी भी हम लेकर आएंगे। गांव चौटाला में पार्टी कार्यक्रम में मंच से संबोधन में दिग्विजय ने कहा था कि इनेलो वालों का इलाज करने के लिए यहां नया मकान बना रहे हैं। जजपा के कार्यक्रम में आने वाले कार्यकर्ताओं को इनेलो वाले फोन करके परेशान करते हैं। कर्ण चौटाला के नूंह रैली में दिए भाषण पर भी दिग्विजय ने कहा था कि ये हर समय तोप, हथियार व मरने-मारने वाली बात करते हैं।

Source: Source