कपालमोचन मेले में कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के बाद पंजाब लौटने वाले श्रद्धालुओं का रुख मंगलवार को जगाधरी के बर्तन बाजार की ओर रहा। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने लगी और देखते ही देखते इतनी भीड़ जमा हो गई कि कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। मेले से लौटते समय जगाधरी के बर्तन खरीदना श्रद्धालुओं की पुरानी परंपरा का हिस्सा है, और इसी परंपरा के चलते इस बार भी बाजार में अच्छी रौनक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने दुकानों और सड़क किनारे सजाए गए स्टालों से स्टील, तांबे और पीतल के बर्तनों की खरीदारी की। गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी लोग खरीदारी करते नजर आए। व्यापारियों ने ग्राहकों की संख्या को देखते हुए दुकानों के बाहर ही बर्तनों की अलग-अलग वैरायटी सजा रखी थी। छोटे बर्तनों को खरीदने में खास दिलचस्पी दिखी। भीड़ का असर यातायात पर भी दिखाई दिया और बिलासपुर रोड पर रक्षक विहार नाके से मटका चौक तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। बाजार में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक के चलते कई श्रद्धालुओं ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े किए और पैदल ही खरीदारी के लिए पहुंचे। संगरूर से आए मनजीत सिंह ने बताया कि उनके परिवार के लोग करीब 50 वर्षों से कपालमोचन मेले में आते रहे हैं और जगाधरी में अच्छी गुणवत्ता के बर्तन उचित कीमत पर मिल रहे हैं। मुक्तसर से आए भवदीप ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से लगातार यहां आ रहे हैं और हर बार वापसी के दौरान जगाधरी से एक बर्तन जरूर खरीदते हैं। गुरदासपुर से आए मनदीप ने स्टील के अलावा तांबे और पीतल के बर्तन भी खरीदे और यहां के दाम पंजाब की दुकानों के मुकाबले कुछ कम बताए। भटिंडा से आई जसविंद्र कौर ने घर के इस्तेमाल के लिए स्टील की 10 थालियां खरीदीं। Source: Source Post navigation कैब, कैफे और महंगे गैजेट: कैसे बढ़ते जा रहे Gen Z के खर्च? जानें लाइफस्टाइल इन्फ्लेशन से बचने के तरीके