एम्स रायपुर ने मरीजों की सुविधा के लिए लैब टेस्ट प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब ओपीडी मरीजों को टेस्ट कराने के लिए प्रिंटेड पर्ची लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी। डॉक्टर द्वारा सिस्टम में टेस्ट लिखते ही मरीज की जानकारी सीधे लैब तक पहुंच जाएगी। मरीज अब सीधे डोम-1 फलेबोटोमी जोन में जाकर सैंपल दे सकेंगे। वहां रजिस्ट्रेशन के बाद बारकोड बनाकर सैंपल कलेक्शन किया जाएगा। नई व्यवस्था से मरीजों का समय बचेगा और प्रक्रिया अधिक तेज व आसान होगी। फलेबोटोमी जोन में ब्लड और अन्य लैब सैंपल लिए जाएंगे। पेपरलेस सिस्टम से कागज की खपत कम होगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। बच्चों के लिए डोम-1 में विशेष चाइल्ड-फ्रेंडली सैंपल कलेक्शन रूम बनाया गया है। एम्स प्रशासन के अनुसार डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल ने यह सुविधा तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है और ओपीडी मरीज सीधे सैंपल सेंटर जाकर जांच प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Source: Source