एम्स रायपुर ने मरीजों की सुविधा के लिए लैब टेस्ट प्रक्रिया को डिजिटल और पेपरलेस कर दिया है। अब ओपीडी मरीजों को टेस्ट के लिए प्रिंटेड पर्ची लेकर लैब जाने की जरूरत नहीं होगी। डॉक्टर द्वारा सिस्टम में टेस्ट लिखते ही इसकी जानकारी सीधे लैब तक पहुंच जाएगी। मरीज सीधे डोम-1 फलेबोटोमी जोन में जाकर सैंपल दे सकेंगे। वहां रजिस्ट्रेशन के बाद बारकोड तैयार किया जाएगा और फिर सैंपल कलेक्शन किया जाएगा। नई व्यवस्था से मरीजों का समय बचेगा और प्रक्रिया पहले से अधिक आसान होगी। फलेबोटोमी जोन में ब्लड और अन्य लैब सैंपल लिए जाते हैं। इस बदलाव से कागज के इस्तेमाल में भी कमी आएगी। बच्चों के लिए डोम-1 में विशेष चाइल्ड-फ्रेंडली सैंपल कलेक्शन रूम बनाया गया है। यहां ऑडियो-वीडियो सुविधाओं से बच्चों को सैंपल देते समय सहज महसूस कराया जाएगा। एम्स प्रशासन के अनुसार यह पहल मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने और डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।

Source: Source