कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित महर्षि कश्यप चौक पर एक युवक के प्रतिमा पर चढ़ने का मामला सामने आया है। बताया गया कि युवक नशे की हालत में जूते-चप्पल पहनकर प्रतिमा तक पहुंचा और उसकी गोद में बैठ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद कश्यप समाज ने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस घटना से धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह, निवासी जंकी बस्ती, के रूप में बताई गई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि महर्षि कश्यप चौक का उद्घाटन करीब दो महीने पहले किया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Source: Source