हरियाणा की पानीपत सीआईए-3 पुलिस टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बापौली अनाज मंडी में छापेमारी कर एक शातिर युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान छाजपुर कला निवासी अक्षय के रूप में हुई है, जिसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अक्षय पहले भी गुरुग्राम में हुए एक चर्चित मर्डर केस में जेल जा चुका है। बुधवार शाम को जब सीआईए की विशेष टीम बापौली क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक अनाज मंडी के शेड के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो आरोपी पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह गुरुग्राम हत्याकांड में शामिल था और इसी साल मार्च में जमानत पर जेल से बाहर आया है। अक्षय ने बताया कि मृतक के परिजनों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है और उसे अपनी जान का खतरा था। इसी रंजिश के चलते वह करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक अज्ञात तस्कर से 60 हजार रुपये में यह पिस्तौल खरीदकर लाया था। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर यूपी के उस हथियार सप्लायर का पता लगाने का प्रयास कर रही है। Source: Source Post navigation सोहना में तेज रफ्तार कार ने टेंपो को मारी टक्कर, 13 वर्षीय छात्रा की मौत; चार घायल बांदा में बिजली चोरी जांच टीम पर हमला, जेई और कर्मचारियों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप