गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अलग-अलग मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई की है। आयुष्मान भारत योजना के काम में लापरवाही मिलने पर दो ऑपरेटरों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि आपराधिक मामले में गिरफ्तार मरवाही के एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा कलेक्टर ने कलेक्टरेट में आयोजित कार्यक्रम में सात रिटायर्ड कर्मचारियों को सम्मानित किया। आयुष्मान योजना का काम संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में जीवन दीप समिति की बैठक हुई, जिसमें आईपीडी में भर्ती मरीजों की संख्या के मुकाबले योजना का लाभ लेने वाले मरीजों और क्लेम की संख्या कम मिली। काम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने समिति के आयुष्मान ऑपरेटर अजय कुमार राठौर और अक्षय गुप्ता को बर्खास्त करने के निर्देश दिए और कहा कि पात्र मरीजों को योजना का लाभ मिलना चाहिए, इसके लिए इलाज से जुड़े रिकॉर्ड सही तरीके से रखने और क्लेम की प्रक्रिया समय पर पूरी करने की जरूरत है। दूसरी कार्रवाई में विकासखंड मरवाही की माध्यमिक शाला लिटियासरई में पदस्थ शिक्षक एलबी लालबहादुर प्रजापति को निलंबित किया गया है, जिनके खिलाफ मरवाही थाने में आपराधिक मामला दर्ज है और जिन्हें 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जिला जेल गौरेला भेजा गया था। 48 घंटे से ज्यादा समय तक जेल में रहने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है और निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। कलेक्टर ने कलेक्टरेट के अरपा सभा कक्ष में सात सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को पुष्पहार पहनाकर शॉल, श्रीफल और पीपीओ-जीपीओ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ व खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Source: Source