हांसी में पुलिस चौकी शेखपुरा की टीम ने ढाणी केन्दु टी-पॉइंट के पास गश्त के दौरान एक युवक को अवैध 315 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सदर हांसी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, एएसआई नरेश कुमार टीम के साथ एनएच-9 पुल के पास गश्त कर रहे थे, तभी ढाणी कुन्दनापुर की तरफ से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़ गया और तेज कदमों से चलने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पुल के नीचे काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान इंद्र निवासी ढाणी केन्दु के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से 315 बोर का पिस्तौल बरामद हुआ, जिसके चैंबर में एक जिंदा कारतूस था, जबकि जेब से चार अन्य जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने पिस्तौल और पांचों कारतूस कब्जे में लेकर सील कर दिए। पुलिस ने आरोपी से हथियार का लाइसेंस या परमिट मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-बी)(ए), 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया।

Source: Source