जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पत्नी पर लोहे के रिंग पाना से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मोटरसाइकिल के पहिए के नट खोलने-कसने में इस्तेमाल होने वाले रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन वार किए थे, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस ने 30 अक्टूबर को उसे उसके ही गांव से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना ग्राम झक्कड़पुर के बंधन पारा की है, जहां 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी करम साय तिर्की अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था, तभी उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने पूछ लिया कि वह क्या खोज रहा है। पत्नी के सवाल पर आरोपी आक्रोशित हो गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा तथा रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन वार कर दिए, जिससे उसके सिर में तीन जगह गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। घायल महिला को इलाज के लिए पत्थलगांव के डिवाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत विवेचना शुरू की और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। पुलिस ने पीड़िता, प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। 30 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में मौजूद है, जिसके बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी करम साय तिर्की (36) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया और उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना बरामद कर जब्त किया तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। Source: Source Post navigation सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से मोपेड सवार पति-पत्नी की मौत, 10 वर्षीय नाती गंभीर घायल; चालक फरार